Follow Us:

IGMC से लापता हुई 76 वर्षीय महिला, पुलिस और परिवार तलाश में जुटे

➤शिमला के IGMC अस्पताल से 76 वर्षीय महिला रहस्यमयी हालात में लापता
➤परिजनों और पुलिस ने शुरू की व्यापक तलाश, अब तक नहीं मिला सुराग
➤परिवार ने नागरिकों से की सहयोग की अपील, जारी किए मोबाइल नंबर

पराक्रम चंद, शिमला



राजधानी शिमला में एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां 76 वर्षीय संजोगता नाग 19 जून को आईजीएमसी अस्पताल से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। वे संकटमोचन क्षेत्र की निवासी हैं और अपनी बेटी के साथ इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थीं।

परिजनों के अनुसार, न्यू ओपीडी बिल्डिंग के पास अचानक संजोगता नाग अपनी बेटी से बिछड़ गईं और इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है। उनकी बेटी नीरुपमा शर्मा ने मीडिया के माध्यम से जनता से अपील की है कि कोई भी उनकी मां के बारे में जानकारी दे। उन्होंने बताया कि संजोगता नाग को शुगर की बीमारी है और वे भूलने की मरीज भी हैं, जिससे आशंका है कि वे कहीं रास्ता भटक गई होंगी।

परिजनों ने आखिरी बार 19 जून दोपहर 1:37 बजे उन्हें IGMC की न्यू ओपीडी बिल्डिंग से ऑकलैंड टनल की ओर जाते हुए देखा था। उस वक्त उन्होंने भूरे रंग का सूट, काला चश्मा और नीला सर्जिकल मास्क पहना हुआ था।

लापता महिला की खोज में परिजन और पुलिस शिमला के विभिन्न इलाकों में तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला है। कुछ स्थानों से महिला के देखे जाने की अपुष्ट सूचनाएं जरूर मिली हैं, परन्तु वे विश्वसनीय नहीं पाई गईं।

गुमशुदगी की रिपोर्ट लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी में दर्ज करवाई गई है, और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने शिमला के नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए मोबाइल नंबर जारी किए हैं —
📞 94592-24007, 80917-05259

निरुपमा शर्मा ने कहा है कि यदि कोई संजोगता नाग को देखे तो उन्हें सुरक्षित स्थान पर रोककर बैठाएं और तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचित करें। यह एक समय संवेदनशील मामला है, जिसमें जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।