Follow Us:

कारगिल में ड्यूटी के दौरान भूस्‍खलन की चपेट में आकर हिमाचल के अग्निवीर नवीन की माैत, गुरुवार गांव पहुंचेगी पार्थिव देह

  • कांगड़ा जिले के हलूं गांव के रहने वाले थे अग्निवीर नवीन कुमार

  • 20 मई की आधी रात को कारगिल के द्रास सेक्टर में ड्यूटी के दौरान भूस्खलन की चपेट में आया

  • पार्थिव शरीर गुरुवार को पहुंचेगा पैतृक गांव, गांव में शोक की लहर


Agniveer Naveen Kumar: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के थुरल पंचायत के हलूं गांव निवासी अग्निवीर नवीन कुमार (25) की कारगिल के द्रास सेक्टर में ड्यूटी के दौरान भूस्खलन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। नवीन जम्मू-कश्मीर राइफल्स में तैनात थे और 20 मई की आधी रात यह हादसा उस समय हुआ जब वे अपनी सैन्य ड्यूटी निभा रहे थे।

अविवाहित नवीन कुमार एक देशभक्त परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता स्व. राजमल भी 13 जैक राइफल में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जिनका पांच वर्ष पूर्व देहांत हो गया था। परिवार में अब माता अजुध्या देवी, दादा भूमि राम, दादी चंपा देवी, चाचा अशोक कुमार, चाची मंजू देवी और बहन शिवानी (विवाहित) शेष हैं।

नवीन कुमार का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव हलूं पहुंचेगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव में शोक और गर्व का माहौल है, लोगों का कहना है कि नवीन ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।