Follow Us:

नगरोटा इंजीनियरिंग कॉलेज में शुरू हुई कंप्यूटर साइंस (AI) की पढ़ाई, RS बाली ने निभाया वादा

➤ नगरोटा इंजीनियरिंग कॉलेज में शुरू हुई कंप्यूटर साइंस (AI & डेटा साइंस) की पढ़ाई
➤ हटवास के दिव्यांशु बने पहले दाखिला लेने वाले छात्र, RS बाली ने निभाया वादा
➤ स्थानीय बच्चों को अब घर द्वार पर मिलेगा तकनीकी शिक्षा का लाभ



राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज मसल, नगरोटा बगवां में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डाटा साइंस) की कक्षाएं औपचारिक रूप से शुरू हो गई हैं। यह ऐतिहासिक कदम नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक मंत्री आर.एस. बाली के प्रयासों से संभव हो पाया, जिन्होंने अपने क्षेत्र की जनता से इस विषय की पढ़ाई को शुरू करवाने का वादा किया था और अब उसे निभाया भी।

हटवास गांव के दिव्यांशु इस कोर्स में दाखिला लेने वाले पहले छात्र बने हैं। दिव्यांशु ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगरोटा बगवां में प्राप्त की है और अब उन्हें अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा अपने ही जिले में प्राप्त करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के छात्रों को अब दूसरे राज्यों में जाकर महंगे कोर्स करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे अभिभावकों की आर्थिक बचत भी होगी।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपक बंसल ने भी दिव्यांशु को बधाई दी और आरएस बाली का आभार जताया, जिनके अथक प्रयासों से यह कोर्स संभव हो पाया। कॉलेज प्रशासन के अनुसार इस विषय के तहत लगभग 70 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें सोमवार को पहला दाखिला हुआ।

आर.एस. बाली ने स्वयं दिव्यांशु से फोन पर बात कर उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ब्लॉक कांग्रेस नगरोटा बगवां के पदाधिकारियों ने कॉलेज पहुंचकर दिव्यांशु का स्वागत किया और इस नई शुरुआत पर हर्ष व्यक्त किया।