Follow Us:

एम्बुलेंस को रोका, फॉर्च्यूनर चला रहा पर्यटक नशे में था धुत, अब ₹45 हजार का चालान और लाइसेंस होगा रद्द

  • दिल्ली के टूरिस्ट और चंडीगढ़ के ड्राइवर ने एम्बुलेंस को नहीं दिया रास्ता, पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

  • फॉर्च्यूनर ड्राइवर पर शराब पीकर ड्राइविंग, हूटर, ब्लैक शीशे सहित ₹45 हजार का चालान

  • टेम्पो ट्रेवलर में नहीं थी इंश्योरेंस और पॉल्यूशन; गाड़ी को किया गया इंपाउंड


लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में हुर्लिंग के पास बीच सड़क पर एम्बुलेंस को रास्ता न देने और नियमों की धज्जियां उड़ाने पर पुलिस ने दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और चंडीगढ़ नंबर की टेम्पो ट्रेवलर पर कड़ी कार्रवाई की है।

फॉर्च्यूनर (T0325DL0151C) में सवार तीन टूरिस्ट नशे की हालत में थे और उन्होंने एम्बुलेंस को जानबूझकर रास्ता नहीं दिया। साथ ही, इस वाहन में ब्लैक शीशे, हूटर, और ड्राइवर द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके चलते पुलिस ने लगभग ₹45,000 का चालान किया है और ड्राइवर का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश RLA को भेजी गई है।

दूसरी ओर, चंडीगढ़ नंबर (CH-01AA9111) की टेम्पो ट्रेवलर भी एम्बुलेंस के रास्ते में खड़ी थी। इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट की मियाद खत्म होने के चलते इस गाड़ी को भी इंपाउंड कर दिया गया।

गुरुवार रात हुर्लिंग में जब एम्बुलेंस एक गंभीर मरीज को लेकर काजा से रिकांगपिओ जा रही थी, तो इन दोनों वाहनों ने रास्ता नहीं दिया। एम्बुलेंस ड्राइवर हॉर्न बजाता रहा, लेकिन टूरिस्ट नशे में धुत थे और स्थिति बिगड़ती चली गई।

SHO स्पीति जगदीश ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में चालान किया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक सख्त संदेश दिया गया है कि एम्बुलेंस और मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।