- अमेरिकी महिला ने धर्मगुरु पर गंभीर आरोप लगाए – मानसिक, सामाजिक और यौन शोषण का मामला।
- पीड़िता का दावा – तंत्र विद्या के नाम पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया।
- पुलिस जांच जारी – शिकायत महिला पुलिस स्टेशन भेजी गई, जांच के बाद होगी FIR दर्ज।
Buddhist Monk Accused: धर्मशाला में भारतीय मूल की एक अमेरिकी महिला ने मैक्लोडगंज के एक प्रसिद्ध धर्मगुरु पर मानसिक, सामाजिक और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार, यह घटना 2 नवंबर 2024 की है, जब वह बीमार थी और उसका पति बोधगया में था। इस दौरान धर्मगुरु ने उसके घर आकर तंत्र विद्या के नाम पर उसकी बीमारी का फायदा उठाया और उसे शारीरिक संबंध बनाने के बदले स्वस्थ करने का झूठा वादा किया।
पीड़िता ने बताया कि अक्टूबर 2023 में वह बौद्ध दर्शन का अध्ययन करने के लिए धर्मशाला आई थी। अपने पति के माध्यम से उसकी मुलाकात धर्मगुरु से हुई। लेकिन नवंबर 2024 में जब वह अकेली थी, तब धर्मगुरु ने उसकी बीमारी का फायदा उठाने की कोशिश की।
वहीं, नागचांग गुरु क्याप ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने इसे बौद्ध दर्शन को बदनाम करने की साजिश करार दिया और कहा कि अगर आरोप सही होते, तो पीड़िता अब तक कोर्ट में मामला दर्ज करा चुकी होती। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी विदेशी नागरिकों द्वारा इस तरह के आरोप अन्य धर्मगुरुओं पर लगाए जाते रहे हैं।
घटना के बाद महिला ने अपने पति को जानकारी दी और परिवार तथा धर्मगुरु की प्रतिष्ठा को देखते हुए दोनों धर्मशाला छोड़कर बीड़ चले गए। लेकिन 5 मार्च को जब वे धर्मशाला लौटे, तो डेके नामक व्यक्ति ने महिला को धमकियां देनी शुरू कर दीं। 6 मार्च को दोपहर 2:30 बजे डेके ने उसे और उसके साथियों को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत अमेरिकी दूतावास और मैक्लोडगंज पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है। एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत को महिला पुलिस स्टेशन भेजा गया है और जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।