➤ हमीरपुर में 14 वर्षीय नाबालिग ने 40 वर्षीय महिला से दुराचार का प्रयास किया
➤ विरोध करने पर दराती और डंडे से किया हमला, महिला गंभीर रूप से घायल
➤ पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर कबूल कराया जुर्म
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़के ने 40 वर्षीय महिला के साथ दुराचार का प्रयास किया और जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने दराती और डंडे से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना सासन क्षेत्र की है और घायल महिला को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर को महिला घास काटने खेतों में गई थी। इसी दौरान आरोपी नाबालिग ने अचानक उस पर हमला कर दिया और दुराचार की कोशिश की। महिला के प्रतिरोध करने पर आरोपी ने दराती और डंडे से सिर, गर्दन और कान पर वार किए, जिससे महिला का कान तक कट गया और वह बेहोश हो गई। बाद में एक ग्रामीण ने उसे खेतों में खून से लथपथ अवस्था में देखा और परिजनों को सूचना दी।
परिजन महिला को तुरंत हमीरपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से उसे हालत गंभीर होने के कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला की सर्जरी की गई है लेकिन उसकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राजेश कुमार और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से दराती, डंडा, टूटी स्केल और पेन बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
एएसपी राजेश शर्मा ने पुष्टि की है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और जुवेनाइल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इसी बीच बड़सर थाना क्षेत्र में एक अन्य महिला के साथ भी मारपीट का मामला सामने आया है। गांव जबली की क्रांति देवी ने शिकायत दी है कि दो लोगों ने उस पर पत्थर फेंके और बाल खींचे, जिससे उसे चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



