➤सेना ने मंडी में मोर्चा संभालकर राशन पहुंचाया
➤मनोहर लाल खट्टर ने भी दी हरसंभव मदद का भरोसा
विपलव सकलानी, मंडी
मंडी जिला में भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच राहत और बचाव कार्यों को लेकर देश की शीर्ष राजनीतिक और प्रशासनिक इकाइयां लगातार सक्रिय हैं। शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और मंडी में आई त्रासदी की ताजा जानकारी साझा की। इस दौरान अमित शाह ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, बचाव कार्यों और जरूरतों की विस्तार से जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के अलावा सेना के जवानों की एक टुकड़ी भी मंडी पहुंच चुकी है, जो दुर्गम इलाकों में राशन और जरूरी सामान पहुंचाने के काम में जुट गई है। जयराम ठाकुर ने एनडीआरएफ के सेकंड कमांडेंट रजनीश, एसडीआरएफ के कमांडेंट अर्जित सेन और मंडी जिला पुलिस प्रमुख साक्षी वर्मा से भी व्यक्तिगत संपर्क बनाए रखा है और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि वह सुबह ही बगसियाड पहुंचे और जलशक्ति विभाग, बिजली बोर्ड और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मौके पर आपदा प्रबंधन की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने दूरसंचार सेवाएं शीघ्र बहाल करने के लिए कंपनियों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हमारी प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालना और लापता लोगों की तलाश करना है। सभी टीमें बेहतर तालमेल से काम कर रही हैं और स्थानीय लोगों से फीडबैक लेकर तेजी से राहत पहुंचाई जा रही है।
इस बीच जब जयराम ठाकुर थुनाग के रास्ते पैदल यात्रा कर रहे थे, शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का भी फोन आया। उन्होंने केंद्रीय उपक्रमों से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने पर चर्चा की और आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार हिमाचल की जनता के साथ खड़ी है। खट्टर ने कहा कि टीवी रिपोर्ट्स में जो दृश्य उन्होंने देखे, वे बेहद विचलित करने वाले हैं और इस त्रासदी की भयावहता को स्पष्ट करते हैं।
जयराम ठाकुर ने हरनाल नाला में फंसी सड़कों को खोलने में जुटी मशीनों और वहां काम कर रहे कर्मचारियों का भी हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि आज शाम तक थुनाग पहुंचा जाए और स्थिति का खुद जायजा लिया जाए।



