Follow Us:

नई पंचायतों पर रोक, सरकार नया रोस्टर लाने पर कर रही विचार: अनिरुद्ध सिंह

नई पंचायतों का गठन नहीं होगा: अनिरुद्ध सिंह का बड़ा बयान
समय पर होंगे पंचायती राज चुनाव, सरकार तैयार
नया रोस्टर लागू करने पर विचार कर रही है सरकार


हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में किसी नई पंचायत का गठन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस विषय पर कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं किया है और वर्तमान में राज्य की आर्थिक स्थिति भी नई पंचायतों के गठन के अनुकूल नहीं है

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश में पंचायती राज चुनाव समय पर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश को आपदा से भारी नुकसान झेलना पड़ा, जिसके चलते फिलहाल डिजास्टर एक्ट लागू है, लेकिन इसके बावजूद चुनाव की प्रक्रिया समय सीमा के भीतर पूरी की जाएगी।

मंत्री ने यह भी बताया कि रोस्टर से संबंधित कुछ शिकायतें उन्हें मिली हैं। ऐसे में विभाग नया रोस्टर लागू करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि रोस्टर की मंजूरी पहले ही कैबिनेट से ली जा चुकी है, लेकिन अब विभाग उसमें सुधार और पुनर्विचार की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

अनिरुद्ध सिंह ने दोहराया कि प्रदेश में पंचायती व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को भ्रम में न पड़ें, क्योंकि सरकार समय पर चुनाव कराने और प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।