-
अन्वी पंवार ने हिमाचल प्रदेश कराटे चैम्पियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीता
-
कैडेट -61 किलोग्राम वर्ग में जिला सोलन की पहली स्वर्ण विजेता बनी
-
अब देहरादून में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कराटे चैम्पियनशिप के लिए चयनित
KarateChampion: हिमाचल प्रदेश कराटे चैम्पियनशिप 2025 में जिला सोलन की उभरती हुई कराटेका अन्वी पंवार ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए कैडेट -61 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। यह प्रतियोगिता 31 मई से 1 जून 2025 तक बैजनाथ (जिला कांगड़ा) में आयोजित हुई, जिसमें अन्वी ने यूनाइटेड कराटे एसोसिएशन सोलन (UKAS) का प्रतिनिधित्व किया।
इस प्रतिस्पर्धा का आयोजन कराटे एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश (KAHP) द्वारा किया गया और मेज़बानी की जिम्मेदारी जिला कांगड़ा कराटे एसोसिएशन ने निभाई। अन्वी की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले 15 वर्षों में पहली बार जिला सोलन की किसी खिलाड़ी ने इस वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है।
इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर अन्वी का चयन अब 12 से 15 जून 2025 को देहरादून, उत्तराखंड में होने वाली KIO नेशनल कराटे चैम्पियनशिप के लिए हो गया है। यह प्रतियोगिता कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन (KIO) द्वारा आयोजित की जा रही है, जो विश्व कराटे महासंघ (WKF) और एशियन कराटे फेडरेशन (AKF) से मान्यता प्राप्त है।
अन्वी पंवार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर UKAS अध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे पूरे सोलन ज़िले के लिए गौरव की बात बताया है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन और खिलाड़ियों की पारदर्शी चयन प्रक्रिया के लिए KAHP को भी व्यापक सराहना मिल रही है।



