Follow Us:

अस्मिता महिला वुशु सिटी लीग 2025 का ज्वालामुखी में भव्य शुभारंभ
150 से अधिक छात्राएं विभिन्न आयु वर्गों में दिखा रहीं प्रतिभा
विजेता खेलेंगी राज्य स्तरीय अस्मिता वूमेन वुशु लीग में



अस्मिता महिला वुशु सिटी लीग 2025 का भव्य शुभारंभ शनिवार को लाॅरिएट ग्लोबल स्कूल कथोग, ज्वालामुखी में खंड विकास अधिकारी सुरानी अंशुल चंदेल की अध्यक्षता में हुआ। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 12 व 13 जुलाई को आयोजित की जा रही है, जिसमें कांगड़ा जिले के विभिन्न स्कूलों से करीब 150 प्रतिभागी छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता अंडर-7 से अंडर-17 आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए आयोजित की गई है, जहां शांशु और तालु वर्ग में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

इस आयोजन में वाइस प्रेसिडेंट – वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया पी.एन. आजाद, जिला कांगड़ा वुशु संगठन के अध्यक्ष सुधांशु शर्मा और हिमाचल प्रदेश वुशु संगठन के जनरल सेक्रेटरी पवन नाग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अंशुल चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रतियोगिता महिलाओं के आत्मबल और आत्मरक्षा की भावना को मजबूत करने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि खेलों से ना सिर्फ शरीर बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है और बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

लाॅरिएट ग्लोबल स्कूल कथोग में इस तरह की प्रतियोगिता का पहली बार आयोजन होने पर उन्होंने वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वुशु फेडरेशन की ओर से पांच ताईची शांग स्कूल को भेंट की गईं। पी.एन. आजाद ने घोषणा की कि इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय अस्मिता वूमेन वुशु लीग में भाग लेंगे, जो कि ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल नगरोटा बगवां में आयोजित की जाएगी।

इस दौरान वुशु स्टेट एक्सीलेंसी सेंटर कंसा चौक मंडी के खिलाड़ियों ने तालु की विविध कलाओं जैसे ताईची शान, गुनशु, ननगुण, ननदाऊ, ददाऊ, जेयांशु, ताईजी जियान और चनक्वान का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने सराहा।

समारोह में लाॅरिएट इंस्टिट्यूट कथोग के कैंपस निदेशक डॉ एम एस आशावत, प्रधानाचार्य डाॅ अंकिता शर्मा, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति व बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।