Follow Us:

सोलंगनाला के पास पुलिस वाहन हिमस्खलन में दबा, जवानों ने ऐसे बचाई जान

|

  • मनाली-केलांग मार्ग पर सोलंगनाला और धुंधी के पास पुलिस वाहन हिमस्खलन की चपेट में आया, जवानों ने भागकर जान बचाई
  • भारी हिमपात के कारण मार्ग पर हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया, पुलिस वाहन को क्षति पहुंची
  • डीएसपी मनाली ने यात्रियों से सतर्क रहने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की

Manali Avalanche Incident: हिमाचल प्रदेश के मनाली-केलांग मार्ग पर मंगलवार को हुए हिमस्खलन की चपेट में पुलिस वाहन आ गया। यह हादसा सोलंगनाला और धुंधी के बीच हुआ, जहां पुलिस गश्त कर रही थी। वाहन में सवार पुलिस जवानों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

मनाली के ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह से ही हिमपात जारी था। इसी दौरान, जब पुलिस वाहन सोलंगनाला से धुंधी की ओर जा रहा था, तो अचानक हिमस्खलन हो गया और वाहन बर्फ में दब गया। गनीमत रही कि सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित बाहर निकल आए, हालांकि वाहन को नुकसान पहुंचा है।\

मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने पुष्टि की कि हिमस्खलन के कारण पुलिस वाहन को नुकसान हुआ है, लेकिन सभी जवान सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी से हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की कि वे मनाली-केलांग मार्ग पर यात्रा के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतें और अनावश्यक रूप से जोखिम न लें।