-
चार लाख 81 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में शीश नवाया
-
देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे दर्शन के लिए
Baba Balak Nath Temple Chaitra Fair: हमीरपुर जिले में स्थित बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध मंदिर में चल रहे चैत्र मास मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मार्च माह तक चार लाख 81 हजार श्रद्धालु बाबा के दरबार में मत्था टेक चुके हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा चार करोड़ रुपये का दान और चढ़ावा अर्पित किया गया है। इनमें तीन करोड़ 26 लाख 25 हजार 631 रुपये नकद चढ़ावा शामिल है, जबकि एक करोड़ 13 लाख 94 हजार रुपये अन्य दान के रूप में प्राप्त हुए हैं।
मंदिर ट्रस्ट के आयुक्त एवं उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं ने 105 ग्राम सोना, 2.75 किलोग्राम चांदी और 14 देशों की विदेशी मुद्रा भी अर्पित की है। इसके अतिरिक्त बकरों की नीलामी से 15.45 लाख रुपये की आय अर्जित की गई है।
हर साल चैत्र मास में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत विदेशों से हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर न्यास ने 24 घंटे मंदिर के द्वार खुले रखने का निर्णय लिया है, जिससे किसी भी समय श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकें।
आपको बता दें कि यह मेला 14 मार्च से 13 अप्रैल तक जारी रहेगा। बाबा बालक नाथ मंदिर में हर वर्ष करोड़ों रुपये का चढ़ावा आता है। पिछले वर्ष चैत्र मेलों के दौरान आठ करोड़ रुपये नकद चढ़ावा, 250 ग्राम सोना, चार किलो चांदी और इंग्लैंड, अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब, यूएई, सिंगापुर सहित कई देशों की मुद्रा बाबा के चरणों में अर्पित की गई थी।



