➤ बद्दी के ढाबे में रोटी पर थूकने का वीडियो वायरल
➤ ढाबा मालिक और कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज
➤ पुलिस ने जांच शुरू की, स्थानीय लोगों में आक्रोश
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। साईं रोड स्थित ढाबे पर काम करने वाले एक कर्मचारी का रोटी पर थूकने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। यह घटना वीरवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि रोटी बेलते समय कर्मचारी उस पर थूकता है। वीडियो बनाकर किसी व्यक्ति ने इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
स्थानीय निवासी राजेश जिंदल ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर बद्दी पुलिस ने ढाबा मालिक मोहम्मद मुस्ताज और कर्मचारी मोहम्मद निजाम के खिलाफ BNS की धारा 271 और 272 के तहत FIR दर्ज कर ली है।
SP बद्दी विनोद धीमान ने पुष्टि की है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
घटना के बाद से इलाके के लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। उनका कहना है कि इस तरह का कृत्य सार्वजनिक स्वास्थ्य और धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
फिलहाल ढाबे पर भीड़ न जुटे, इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें।



