➤लोडेड गन और चाकू के साथ 3 बच्चों को बनाया बंधक, आरोपी गिरफ्तार
➤हिमाचल के बिशप कॉटन स्कूल के तीन स्टूडेंट का अपहरण, 24 घंटे में सुरक्षित रेस्क्यू
➤ आरोपी सुमित सूद भी BCS का पूर्व छात्र, शेयर मार्केट में घाटे के बाद किडनैपिंग की योजना
➤ CM सुक्खू ने की केस की मॉनिटरिंग, आरोपी के पास लोडेड गन, चाकू, रस्सी और ग्लव्स मिले
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में प्रतिष्ठित बिशप कॉटन स्कूल (BCS) के तीन छात्रों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इन तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुमित सूद, जो खुद BCS का पूर्व छात्र रहा है, शेयर मार्केट और अन्य व्यापार में भारी घाटे के कारण कर्ज में डूबा हुआ था। कर्ज से निकलने के लिए उसने किडनैपिंग की योजना बनाई। उसे स्कूल के बच्चों की मूवमेंट की अच्छी जानकारी थी, जिसे उसने वारदात में इस्तेमाल किया।
वारदात के समय सुमित के पास लोडेड गन, चाकू, ग्लव्स और रस्सी थी। उसने बच्चों को डराने के लिए हथियार दिखाए। हालांकि, उसने फोन पर बच्चों के परिजनों को यह कहकर डराया कि बच्चे एक खतरनाक व्यक्ति के पास हैं, लेकिन फिरौती की रकम नहीं बताई।
आरोपी ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उसकी पत्नी ऑनलाइन बेकरी चलाती हैं। परिवार में दो बच्चे हैं जो कक्षा 10वीं और 5वीं में पढ़ते हैं। आरोपी की मां कोटखाई के डीएवी स्कूल से प्रिंसिपल पद से रिटायर हुई हैं, जबकि पिता भी रिटायर्ड टीचर हैं।
पुलिस ने CCTV फुटेज, फोन रिकॉर्ड और वर्चुअल नंबर की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर ली। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों छात्रों को सुरक्षित छुड़ा लिया।
बचाए गए तीनों बच्चे छठी कक्षा के छात्र हैं — अंगद (करनाल, हरियाणा), हितेंद्र (मोहाली, पंजाब) और विदांश (कुल्लू, हिमाचल)। अंगद के चाचा हरियाणा कांग्रेस के नेता हैं और करनाल में पार्टी के पार्षद हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद इस मामले की मॉनिटरिंग की और बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए पुलिस टीम को बधाई दी।



