Follow Us:

शिमला में पंजाब रोडवेज की बसों पर लगाए भारत माता के पोस्टर

  • एंटी टेररिस्ट फ्रंट ने की खालिस्तानी समर्थकों के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई की मांग

  • पंजाब में हिमाचल की बसों पर हमले नहीं रोकते भगवंत मान तो होंगे खालिस्तान समर्थक – वीरेश शांडिल्य


Khalistan Issue Himachal: हिमाचल प्रदेश में भिंडरावाला के झंडे हटाने के बाद प्रदेश की एचआरटीसी बसों पर हो रहे हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसे देखते हुए एंटी टेररिस्ट फ्रंट ने अब खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने शनिवार को शिमला स्थित आईएसबीटी में पंजाब रोडवेज की बसों पर “भारत माता की जय” के पोस्टर लगाए। उन्होंने मांग की कि हिमाचल प्रदेश की विधानसभा में खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ कठोर कानून बनाया जाए और उन पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाए।

वीरेश शांडिल्य ने कहा कि हिमाचल की शांतिपूर्ण भूमि पर किसी भी तरह की खालिस्तानी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राज्य सरकार से अनुरोध किया कि खालिस्तान समर्थकों के विरुद्ध देशद्रोह का मामला दर्ज करने के लिए विशेष कानून लाया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में हिमाचल के उपमुख्यमंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।


शांडिल्य ने कहा कि हिमाचल में आतंकवादी भिंडरावाला के समर्थकों को घुसने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे लोगों को राज्य की सीमा पर ही रोक दिया जाए, ताकि वे प्रदेश में शांति भंग न कर सकें।


वीरेश शांडिल्य ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब सरकार हिमाचल की बसों पर हो रहे हमलों को नहीं रोकती है, तो यह साफ माना जाएगा कि भगवंत मान खालिस्तान समर्थकों का समर्थन कर रहे हैं।