Follow Us:

ह‍िमाचल में रिटायर्ड पटवारियों और कानूनगो की भर्ती शुरू , 30 और 25 हजार मिलेंगे हर माह


11 पटवारी और 3 कानूनगो पदों के लिए आवेदन आमंत्रित
आवेदन की अंतिम तिथि 23 जुलाई 2025 तय


हिमाचल प्रदेश में रिटायर्ड पटवारियों और कानूनगो की भर्ती शुरू हो गई है। कानूनगाे को 30 और पटवारी को हर माह 25 हजार मिलेंगे। बिलासपुर जिले में उपायुक्त कार्यालय द्वारा रिटायर्ड पटवारियों और कानूनगो अधिकारियों की फिर से नियुक्ति की जा रही है। यह नियुक्ति मानदेय आधार पर की जाएगी, जिसमें 11 पटवारी और 3 कानूनगो के पद शामिल हैं। उम्मीदवारों को 23 जुलाई 2025 तक अपने आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज उपायुक्त कार्यालय, बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) में जमा करवाने होंगे।

इस भर्ती प्रक्रिया में केवल वही रिटायर्ड अधिकारी पात्र होंगे, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के राजस्व विभाग में कम से कम 5 वर्षों की सेवा की हो और जिन पर कोई विभागीय या अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित न हो65 वर्ष की आयु सीमा तक के सेवानिवृत्त कर्मचारी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।

वेतन के रूप में कानूनगो को 30,000 रुपए और पटवारी को 25,000 रुपए प्रतिमाह दिया जाएगा। नियुक्ति की अवधि प्रारंभ में 3 माह के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाया जा सकता है। यह पूरी तरह से अस्थायी नियुक्ति होगी, जिसे किसी भी समय समाप्त किया जा सकता है।

नियुक्त अधिकारी केवल एक दिन का आकस्मिक अवकाश ले सकेंगे, और ड्यूटी से अनाधिकृत अनुपस्थिति पर सेवाएं स्वतः समाप्त मानी जाएंगी। साथ ही, उन्हें फिटनेस सर्टिफिकेट सरकारी अस्पताल से देना अनिवार्य होगा। टीए/डीए और चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जैसी कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलती है।

सेवाओं की समाप्ति केसों के निपटारे या नियमित नियुक्तियों के समय स्वतः हो जाएगी। इस प्रक्रिया से वर्तमान पटवारी या कानूनगो की पदोन्नति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आवेदन का प्रारूप जिला बिलासपुर की आधिकारिक वेबसाइट http://hpbilaspur.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है।