Follow Us:

फेसबुक लाइव में रोई युवती – बोली, भाजपा विधायक मुझे धमकाता है, विधायक बोले साजिश है

भाजपा विधायक हंसराज पर युवती ने फिर लगाए गंभीर आरोप
फेसबुक लाइव में रोते हुए युवती ने बताई अपनी पूरी कहानी
विधायक बोले – विरोधी मुझे बदनाम करने की कोशिश में लगे हैं


चंबा। हिमाचल प्रदेश की राजनीति एक बार फिर विवादों की चपेट में आ गई है। चुराह से भाजपा विधायक डॉ. हंसराज पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए फेसबुक लाइव के माध्यम से रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई है। युवती ने आरोप लगाया कि वह और उसका परिवार खतरे में हैं, साथ ही विधायक पर धमकाने और बदनाम करने के आरोप भी जड़े हैं।

युवती ने अपने लाइव वीडियो में कहा कि वह घर से बाहर रहती है, जबकि उसका परिवार घर पर है और उन्हें बार-बार धमकियां मिल रही हैं। उसने भावुक होकर कहा, “विधायक ने मुझे पूरी तरह बदनाम कर दिया है। तूने जिस थाली में खाया, उसी में छेद किया। अब मैं जाऊं तो कहां जाऊं?”

इस युवती ने पिछले साल भी हंसराज पर अश्लील चैट और धमकी देने के आरोप लगाए थे। उस समय मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन बाद में युवती ने शिकायत वापस ले ली थी। अब दोबारा सामने आकर उसने कहा कि वह मानसिक तनाव और किसी के बहकावे में आकर शिकायत वापस लेने पर मजबूर हुई थी।

इस बार युवती ने न सिर्फ विधायक बल्कि चुराह के ही एक व्यक्ति मुनियान खान पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि हंसराज दावा कर रहे हैं कि उसने एक करोड़ रुपये लेकर मामला रफा-दफा किया, जबकि यह पूरी तरह झूठ है। युवती ने फेसबुक पर कहा कि वह अब न्याय की गुहार लगा रही है।

उधर, विधायक डॉ. हंसराज ने भी फेसबुक लाइव कर जवाब दिया है। उन्होंने कहा, “मेरे खिलाफ लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं। मेरी छवि को खराब करने के लिए यह राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया है। विरोधी चुराह में हुए विकास को पचा नहीं पा रहे हैं, इसलिए इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।”

हंस राज, जो तीन बार से चुराह विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं और पहले विधानसभा उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं, का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी उनके खिलाफ कई विवाद उठ चुके हैं, जिन पर वे हमेशा अपनी छवि को साफ बताते हुए सामने आए हैं।