Follow Us:

पहलगाम हमले के विरोध में हिमाचल की सड़कों पर भाजपा

  • पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में हिमाचल में भाजपा का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

  • डॉ. राजीव बिंदल ने पाक नागरिकों की पहचान व निर्वासन की मांग की

  • कांग्रेस सरकार पर तुष्टीकरण और मौन रहने का आरोप लगाया गया


Pahalgam terror attack protest: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 27 हिंदू पर्यटकों की निर्मम हत्या के विरोध में आज हिमाचल प्रदेश के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार जन आक्रोश प्रदर्शन किया। शिमला जिले के सी.टी.ओ. चौक पर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया। प्रदर्शन के उपरांत जिलाधीश को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की तत्काल पहचान व निर्वासन की मांग की गई।

अपने उग्र भाषण में डॉ. बिंदल ने कहा कि यह हमला केवल पर्यटकों पर नहीं, भारत की आत्मा पर हमला है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब केवल निंदा नहीं, बल्कि निर्णायक और प्रतिशोधात्मक कार्रवाई समय की मांग है। बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही पाकिस्तान के विरुद्ध तीव्र कूटनीतिक कदम उठा चुकी है और सर्वदलीय बैठक बुलाकर पूरे देश को एकजुट किया गया है।

उन्होंने केंद्र के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि अब भारत में अधिकृत या अनधिकृत रूप से रह रहे किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को देश से बाहर किया जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों में इस पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है, लेकिन हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार इस पर मौन है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अपने वोट बैंक के स्वार्थ के चलते प्रदेश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है।

पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने भी नाहन में आयोजित रोष रैली में कहा कि कांग्रेस नेताओं की आतंकवाद समर्थक बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि हिमाचल सरकार भी अन्य राज्यों की तरह पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर तत्काल कार्यवाही करे

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर हिमाचल सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो भाजपा सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन करेगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार के कड़े कदमों का समर्थन करते हुए आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता नीति लागू करने की मांग भी उठाई गई।