➤ मेयर के कार्यकाल बढ़ाने के फैसले पर भाजपा महिला मोर्चा का हमला
➤ महिला सशक्तिकरण कांग्रेस के लिए सिर्फ भाषण: डेज़ी ठाकुर
शिमला में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डेज़ी ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर महिला विरोधी नीतियों का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण इस सरकार के लिए सिर्फ भाषणों का विषय है, जबकि व्यवहार में कांग्रेस सरकार महिलाओं के अधिकारों का लगातार हनन कर रही है।
डेज़ी ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा शिमला नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यकाल को 5 वर्ष करने का फैसला लोकतंत्र और महिला आरक्षण पर सीधा हमला है। उनके अनुसार, रोस्टर के मुताबिक इस बार शिमला में महिला मेयर चुनी जानी थी, लेकिन सीएम ने अपने मित्र मेयर को बचाने के लिए रोस्टर बदला, जो महिला अधिकारों पर डाका डालने जैसा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने पहले भी महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का झूठा वादा कर विश्वासघात किया था, और अब उन्हें राजनीतिक अधिकारों से भी वंचित किया जा रहा है। यह प्रदेश की हर महिला का अपमान है जो राजनीति में समान भागीदारी चाहती है।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ने यह भी कहा कि तीन साल में सुक्खू सरकार ने काबिना में एक भी महिला को मंत्री पद नहीं दिया। जबकि अब कांग्रेस के पास दो महिला विधायक कमलेश ठाकुर और अनुराधा राणा मौजूद हैं, फिर भी महिलाओं को सत्ता में प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। यह सरकार महिलाओं को केवल वोट बैंक मानती है, साझेदार नहीं।
उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा महिला मोर्चा इस अन्याय के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगा और सरकार को महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों से खिलवाड़ बंद करने के लिए बाध्य करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शक्ति को हल्के में लेने वाली सरकार को जनता जल्द सबक सिखाएगी।



