BJP Leader Assault Case: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता और ललड़ी से जिला परिषद सदस्य कमल सैनी समेत चार लोगों पर एक उद्योगपति और उसकी पत्नी से मारपीट करने और फिरौती मांगने का मामला दर्ज हुआ है।
सीसीटीवी में कैद मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना पंजाब-हिमाचल सीमा के अजौली मोड़ स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर की है, जहां उद्योगपति राजेश गुप्ता, उनकी पत्नी और भाई पर हमलावरों ने लात-घूंसों और बोतलों से हमला किया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डीएसपी नंगल कुलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
फिरौती की मांग का आरोप, फैक्ट्री बंद करने को मजबूर हुआ उद्योगपति
पीड़ित उद्योगपति राजेश गुप्ता ने बताया कि वह दिल्ली का रहने वाला है और उसकी गुड़गांव और हिमाचल के ऊना जिले के सिंगा गांव में फैक्ट्री चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से उन्होंने ऊना में फैक्ट्री लगाई है, तभी से आरोपी उनसे पांच लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे।
उद्योगपति ने पहले भी धमकियों की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन परेशान होकर उन्होंने फैक्ट्री अस्थायी रूप से बंद कर दी। इसके बावजूद आरोपियों की धमकियां जारी रहीं और 7 फरवरी की रात हमला कर दिया गया।
पुलिस कर रही दबिश, आरोपी फरार
डीएसपी कुलवीर सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी नंगल इंस्पेक्टर राहुल शर्मा और नया नंगल पुलिस चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सरताज सिंह को जांच के लिए मौके पर भेजा गया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पीड़ित की पत्नी के बयान के आधार पर कमल सैनी समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।



