Follow Us:

देहरा में पेट्रोल पंप पर कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला

  • चालक की सूझबूझ और दमकल की तत्परता से आग पर पाया काबू

  • समय पर गाड़ी हटाकर पेट्रोल पंप और अन्य वाहनों को बचाया गया


Dehra car fire accident: देहरा (एनएच-503) पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब परमार पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने आई एक कार में अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 8:20 बजे हुई जब कार के बोनट से धुआं उठता देखा गया और चंद सेकंडों में आग की लपटें निकलने लगीं।

इस आगजनी की घटना में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और पेट्रोल पंप कर्मचारियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। कार चालक ने घबराए बिना फुर्ती दिखाई और जलती गाड़ी को पेट्रोल पंप से हटाकर पास स्थित बसेरा होटल की खाली पार्किंग में खड़ा कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही आग लगी, पेट्रोल पंप कर्मचारी और स्थानीय लोग सक्रिय हुए और उन्होंने मिलकर गाड़ी को धक्का देकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया। इस बीच, एक राहगीर लक्की ने फायर ब्रिगेड देहरा को सूचना दी।

परमार फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक मलकीयत सिंह परमार के अनुसार, पेट्रोल डालते समय ही इंजन में आग लग गई। उन्होंने बताया कि कार चालक को पहले से गड़बड़ी का अंदेशा था क्योंकि उसे जली हुई गंध महसूस हो रही थी।

फायर पोस्ट देहरा से दमकल वाहन 8:23 बजे मौके पर पहुंचा और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को पेट्रोल टैंक तक पहुंचने से पहले बुझा दिया गया। इस अभियान का नेतृत्व इंचार्ज सुजान सिंह और दमकलकर्मी दिलबाग सिंह ने किया।

दमकल विभाग ने कहा कि यदि गाड़ी पेट्रोल पंप पर ही जलती रहती, तो अन्य वाहन और पूरा पंप चपेट में आ सकते थे। उन्होंने लोगों से गर्मियों के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की और बताया कि फायर पोस्ट देहरा के नंबर 01970-233003 पर आपात स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सकता है।

घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी और सभी ने चालक की समझदारी और दमकल विभाग की तीव्र कार्रवाई की प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि कुछ मिनट की देरी होती तो यह घटना जानलेवा रूप ले सकती थी।