धर्मशाला के जादरंगल में सेंट्रल यूनिवर्सिटी का काम ठप
प्रदेश सरकार ने नहीं दिए 30 करोड़, ठेकेदार ने हटाई मशीनरी
स्थानीय लोगों ने दी चेतावनी – फिर से करेंगे आंदोलन
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के जादरंगल क्षेत्र में बनने वाले सेंट्रल यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस का निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। वजह है प्रदेश सरकार द्वारा अपने हिस्से के 30 करोड़ रुपये न जारी करना। इससे नाराज ठेकेदार ने अब साइट से अपनी मशीनरी और सारा सामान समेट लिया है। साथ ही निर्माणाधीन परिसर का साइन बोर्ड भी अब जर्जर हो चुका है।
बता दें कि भारत सरकार ने हिमाचल को देहरा और धर्मशाला में दो परिसरों के लिए 15 साल पहले सेंट्रल यूनिवर्सिटी की स्वीकृति दी थी। केंद्र ने 300 करोड़ से अधिक की धनराशि जारी की है, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा महज 30 करोड़ रुपये न देने के कारण धर्मशाला परिसर का कार्य अधर में लटक गया है। देहरा परिसर में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन जादरंगल के लोगों में नाराजगी इस बात को लेकर है कि धर्मशाला परिसर की लगातार अनदेखी की जा रही है।
स्थानीय उपप्रधान सुनील दत्त ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दादी मैदान की एक जनसभा में घोषणा की थी कि जल्द 30 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार अब पूरी तरह से साइट से हट चुका है और सरकार चुप्पी साधे बैठी है।
स्थानीय लोगों ने संघर्ष समिति का गठन कर पहले भी प्रदर्शन किए थे। इस समिति ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कांगड़ा-चंबा सांसद राजीव भारद्वाज से भी मुलाकात की, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। स्थानीय निवासी कैलाश वालिया और सुनील दत्त ने कहा कि अब सरकार को जवाब देना होगा और यदि बात नहीं मानी गई तो आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा।
यह मामला प्रदेश सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े करता है। जहां देहरा में कैंपस बन रहा है, वहीं धर्मशाला परिसर राजनीतिक उदासीनता का शिकार होता दिख रहा है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि अगर सरकार ने न्याय नहीं किया, तो जनता सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।



