Follow Us:

धर्मशाला में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर 15 मई को निकलेगी तिरंगा यात्रा

  • 15 मई को धर्मशाला में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में निकलेगी तिरंगा यात्रा

  • भारतीय सेना के शौर्य व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निर्णायक सोच को किया जाएगा सम्मानित

  • जयराम ठाकुर, डॉ. राजीव बिंदल, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित कई प्रमुख नेता लेंगे भाग



Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के अदम्य शौर्य के सम्मान में 15 मई को धर्मशाला में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह आयोजन ‘सिटिजन फॉर नेशनल सिक्योरिटी’ के बैनर तले होगा, जिसमें एनजीओ, पूर्व सैनिक, छात्र, युवजन, सामाजिक कार्यकर्ता, और विभिन्न वर्गों के नागरिक भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य भारतीय सेना की वीरता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निर्णायक नेतृत्व क्षमता को समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

इस यात्रा के आयोजन को लेकर मंगलवार को धर्मशाला में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह के वर्तमान विधायक विपिन परमार, विधायक पवन काजल, विधायक ठाकुर रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक अरुण कुमार मेहरा कूका, भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, तथा बड़ोह मंडल अध्यक्ष अजीत राणा उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि तिरंगा यात्रा धर्मशाला के कोतवाली पेट्रोल पंप से कचहरी अड्डा तक निकाली जाएगी। इस यात्रा में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, तथा कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य लोग भाग लेंगे।

विपिन परमार ने इस अवसर पर कहा कि यह तिरंगा यात्रा सेना के अद्वितीय पराक्रम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व की जनमानस को जानकारी देने का एक माध्यम होगी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल अपने नागरिकों को विदेशी संकट से सुरक्षित निकाला, बल्कि सीमा पार आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही करते हुए पाकिस्तान को कठोर संदेश भी दिया।

उन्होंने आगे बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों और 11 एयरबेस को निशाना बनाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, और यह पहली बार था जब किसी देश ने एक परमाणु शक्ति संपन्न देश के एयरफील्ड्स को तबाह किया।

विपिन परमार ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों से सीधा संवाद कर भारत की स्थिति को स्पष्ट किया और अंतरराष्ट्रीय समर्थन भी हासिल किया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा भारत की सैन्य ताकत, राष्ट्रीय स्वाभिमान और निर्णायक कूटनीति का सांकेतिक प्रदर्शन होगी।

यह आयोजन न केवल देश के सुरक्षा बलों के सम्मान में एकजुटता का प्रतीक होगा बल्कि आम जनता को राष्ट्रवाद और सैन्य चेतना से भी जोड़ेगा।