➤ मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली से लौटकर पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे
➤ मणिमहेश, भरमौर व चंबा में तबाही का करेंगे हवाई सर्वेक्षण
➤ कांगड़ा जिला के नुकसान पर अधिकारियों से ली जानकारी और दिए दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू दिल्ली से सीधे पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे, जहां से वह चंबा जिला के लिए रवाना हुए। प्रदेश में बीते दिनों हुई भारी बारिश और आपदा ने कई जिलों में कहर बरपाया है। विशेषकर मणिमहेश, भरमौर और चंबा क्षेत्र में भारी नुकसान दर्ज हुआ है। मुख्यमंत्री स्वयं हालात का जायजा लेने के लिए हवाई सर्वेक्षण करेंगे और प्रभावित इलाकों का मुआयना करेंगे।

पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिला के डीसी हेमराज बैरवा और पुलिस अधिकारी अशोक रतन से मुलाकात की। उन्होंने जिले में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी ली और तुरंत राहत व बचाव कार्य को तेज करने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुक्खू हवाई सर्वेक्षण के बाद चंबा जिला प्रशासन के साथ बैठक भी करेंगे, ताकि राहत और पुनर्वास कार्यों की रणनीति बनाई जा सके। सरकार का कहना है कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।



