Follow Us:

हिमाचल में जल्द शुरू होगी 700 होम गार्ड पदों की भर्ती प्रक्रिया: सुक्‍खू


➤ मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला से 14 नए अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाई
➤ अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने 25 करोड़ अतिरिक्त राशि आवंटित की
➤ 700 होम गार्ड पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी



शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के चौड़ा मैदान से 14 नए अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों की खरीद पर 6.70 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। यह वाहन राज्य के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों जैसे बलदेयां, देहा, उबादेश, नेरवा, ठियोग, धर्मपुर, थुनाग, काजा, शाहपुर, इंदौरा और नादौन में तैनात किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अग्निशमन वाहनों को दूरदराज और घनी आबादी वाले क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैनात किया गया है, ताकि आग लगने जैसी आपात घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अग्निशमन सेवाओं को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए 25 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि नए वाहनों की खरीद के लिए आवंटित की गई है।

सुक्खू ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में 4.24 करोड़ रुपये अग्निशमन केंद्रों के उपकरणों को उन्नत बनाने और 7 करोड़ रुपये नादौन व इंदौरा में विभागीय भवनों के निर्माण के लिए स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसी क्रम में 700 होम गार्ड पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, नरदेव सिंह कंवर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक अग्निशमन सेवाएं सतवंत अटवाल त्रिवेदी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।