➤ आठ परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, अग्निशमन केंद्र भवन और पुल का उद्घाटन
➤ सड़क, बिजली और पुल निर्माण से क्षेत्र के विकास को मिलेगी रफ्तार
Himachal Development: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के नगरोटा-बगवां विधानसभा क्षेत्र को 36 करोड़ रुपये लागत की आठ विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने नगरोटा-बगवां में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अग्निशमन केंद्र भवन का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने 4.80 करोड़ रुपये की लागत से मलां से गुजरेहड़ा-पठियार-सकरेहड़ सड़क और 4.84 करोड़ रुपये की लागत से खरट-जंदराह-ऐरला-रोपा-करडियाणा सड़क की मेटलिंग व टारिंग कार्य का भी शुभारंभ किया।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने धरूं खड्ड पर 3.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33.40 मीटर लंबे पुल का उद्घाटन किया, जो कलेड को कराली दा बाग गांव से जोड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने रंगेहड़-सदू-माल्मू से नेरा सड़क के निर्माण, नेरा खड्डा पर पुल और नगरोटा-बगवां के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत अधोसंरचना विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, विधायक संजय अवस्थी, कमलेश ठाकुर और परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।



