Follow Us:

मुख्यमंत्री ने खुद बल्लेबाजी कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया, नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए किया प्रेरित

|

  • युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने पर दिया जोर

  • मुख्यमंत्री ने खुद बल्लेबाजी कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया, खेल भावना और राष्ट्रवाद की सराहना की

  • देहरा पुलिस भविष्य में भी नशा विरोधी जागरूकता के लिए अभियान जारी रखेगी

  • मुख्यमंत्री ने युवाओं में अनुशासन, फिटनेस और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने पर दिया बल


Anti-Drug Drive Himachal:  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज देहरा में जिला पुलिस द्वारा शुरू किए गए ‘कानून विद्यालय’ अभियान के तहत आयोजित एक विशेष क्रिकेट मैच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं बल्लेबाजी कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया और खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना सरकार की प्राथमिकता है और खेलों के ज़रिए न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा दिया जा सकता है, बल्कि यह नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और टीम भावना जैसे मूल्यों के प्रति जागरूक करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “कानून विद्यालय” अभियान का उद्देश्य केवल नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना नहीं, बल्कि एक संपूर्ण स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने देहरा पुलिस की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की और कहा कि इस अभियान को राज्य के अन्य हिस्सों में भी अपनाया जाना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि देहरा पुलिस नशा उन्मूलन, साइबर अपराध, कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर निरंतर जागरूकता फैला रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ग्राम पंचायतों, छात्रों और टैक्सी चालकों के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह अभियान और भी व्यापक स्तर पर आगे बढ़ेगा।

इस अवसर पर स्थानीय जनता, युवाओं और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति से आयोजन एक प्रेरणादायक सामाजिक संदेश बनकर सामने आया।