Follow Us:

मुख्यमंत्री सुक्खू ने धर्मपुर में आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर बंधाया हौसला

➤मुख्यमंत्री ने धर्मपुर में आपदा प्रभावितों से की मुलाकात
➤61 प्रभावितों को तात्कालिक राहत और सहायता प्रदान
➤नष्ट घरों-पशुधन के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा



मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को जिला मंडी के धर्मपुर क्षेत्र में आपदा प्रभावित गांव स्याठी का दौरा कर वहां के लोगों का दुख साझा किया। यह गांव लौंगणी पंचायत के अंतर्गत आता है, जहां हाल ही में बादल फटने से भारी तबाही हुई। इस आपदा में 61 लोग प्रभावित हुए, अनेक घर, गौशालाएं और पशुधन नष्ट हो गए।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन द्वारा राहत एवं पुनर्वास के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। अब तक जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को 1.70 लाख रुपये की वित्तीय सहायता, राशन, तिरपाल और अन्य जरूरी राहत सामग्री प्रदान की जा चुकी है।

पीड़ितों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, “दुख की इस घड़ी में सरकार आपके साथ खड़ी है और मैं स्वयं यहां आपका दुख साझा करने आया हूं।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों की हर आवश्यक जरूरत की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण हेतु विशेष राहत पैकेज तथा नष्ट हुए पशुधन और गौशालाओं के लिए बढ़ा हुआ मुआवजा दिया जाएगा। लोगों ने बताया कि कई घर पूरी तरह बह गए और तंबू लगाने की जगह भी नहीं बची। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सरकारी जमीन उपलब्ध होगी तो आवंटित की जाएगी। यदि भूमि वन क्षेत्र में हुई तो यह मामला केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मंडी-कोटली सड़क का भी निरीक्षण किया, जहां भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है।

मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिला में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है और 34 लोग लापता हैं। गोहर में 5, थुनाग में 3 और करसोग व जोगिंदरनगर में 1-1 मौत हुई है। उन्होंने कहा कि बादल फटने की 8 से 10 घटनाएं हुई हैं, जिनके पीछे जलवायु परिवर्तन भी एक कारण हो सकता है। उन्होंने इस विषय पर केंद्र और राज्य स्तर पर वैज्ञानिक अध्ययन की आवश्यकता बताई।

बगस्याड़, जंजैहली और थुनाग में भी भारी नुकसान हुआ है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बगस्याड़ में सड़क बहाल कर दी है।

धर्मपुर के विधायक चंद्र शेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संवेदनशील नेतृत्व दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ितों का मनोबल बढ़ाया।

इस अवसर पर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।