Follow Us:

उप चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपने योद्धाओं के लिए सर्च ऑपरेशन तेज

desk |

हिमाचल में उप चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपने योद्धाओं के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
कांग्रेस के बागियों को जिन्होंने बीजेपी से टिकट लेकर उप चुनाव लड़ने का फैसला लिया है, उनके खिलाफ दमदार चेहरों को उतारने के लिए जुटी है।

कांग्रेस तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के लिए लगभग फाइनल हो चुकी है, जबकि तीन पर अभी भी असमंजस में है। बता दे कि कांगड़ा की धर्मशाला सीट से देवेंद्र जग्गी, कुटलैहड़ से विवेक शर्मा और सुजानपुर से कुलदीप का नाम लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि इनका अभी ऐलान होना बाकी है।

धर्मशाला सीट से पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी पर कांग्रेस अपना दांव खेल सकती है क्योंकि जग्गी को सबसे मजबूत चेहरा माना जा रहा है। इसी तरह इसी सीट पर हरभजन का नाम भी चल रहा है, ऐसे में कांग्रेस सुधीर शर्मा के खिलाफ किस चेहरे को मैदान में उतरती है यह देखने वाली बात होगी।

इसके अलावा गगरेट में राकेश कालिया और कुलदीप कुमार का नाम चल रहा है। ऊना जिले की गगरेट विधानसभा से कांग्रेस पूर्व विधायक एवं कुछ दिन पहले ही भाजपा छोड़ने वाले राकेश कालिया को टिकट दे सकती है। हालांकि गगरेट से पूर्व विधायक कुलदीप कुमार का भी टिकट के लिए नाम चल रहा है, वही जिला परिषद सदस्य रमन जसवाल भी चर्चा में है। अब इन तीनों प्रत्याशियों में से कांग्रेस किसे चैतन्य शर्मा के खिलाफ उतारती है यह तय होना बाकी है।

वहीं, कुटलैहड़ से विवेक के नाम पर चर्चा चल रही है बताया जा रहा है कि विवेक सीएम सुक्खू के काफी करीबी हैं। विवेक पूर्व विधायक रामनाथ शर्मा के बेटे हैं और अभी प्रदेश कांग्रेस के महासचिव भी हैं। वही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम और पार्टी के स्टेट प्रवक्ता डॉक्टर विजय डोगरा का नाम भी चर्चा में है इनमें से कांग्रेस पार्टी बागी देवेंद्र भूट्टो के सामने किसे उतारेगी, यह चर्चा का विषय है।

सुजानपुर से कुलदीप के अलावा दो नाम चर्चा में है। बागी राजेंद्र राणा के खिलाफ कांग्रेस सुजानपुर से पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया को टिकट दे सकती है। कुलदीप वर्तमान में केसीसी बैंक के अध्यक्ष भी है। कुलदीप के अलावा पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर और रवींद्र वर्मा का नाम भी चर्चा में है।