Follow Us:

पीटरहॉफ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक, रजनी पाटिल भी शामिल, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली भी आज

➤ कांग्रेस आज शिमला में करेगी ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली
➤ पीटरहॉफ में सुबह कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई
➤ 22 अगस्त से 7 सितंबर तक प्रदेशभर में चलेगा कांग्रेस का अभियान


हिमाचल की राजधानी शिमला आज (शुक्रवार) कांग्रेस की सियासत का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। पार्टी यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सुबह 9 बजे पीटरहॉफ में विधायक दल की बैठक कर रही है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल विशेष रूप से मौजूद हैं। इसके तुरंत बाद कांग्रेस ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’  रैली करने जा रही है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशों पर प्रदेश कांग्रेस ने 22 अगस्त से 7 सितंबर तक इस अभियान को चलाने का ऐलान किया है। इसी अभियान की रणनीति व तैयारी पर चर्चा के लिए यह बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी मंत्रियों-विधायकों के अलावा 2022 विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी, पूर्व पदाधिकारी, जिला व ब्लॉक कमेटियों के पदाधिकारी और अग्रणी संगठनों के नेता भी शामिल होंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस अभियान के दौरान जनता को बताया जाएगा कि किस तरह बीजेपी ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर जनता के वोट चुराए और लोकतंत्र की हत्या की। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अभियान के माध्यम से लोगों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराएगी।

इस अभियान के तहत पहले ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर रैलियां होंगी। इसके बाद 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक देशभर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल गुरुवार देर शाम शिमला पहुंच गईं। रैली और बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी सहित सभी कांग्रेस विधायक, बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य पूर्व व वर्तमान पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस का यह अभियान प्रदेश की राजनीति में आने वाले समय के लिए बड़ा सियासी संदेश देने वाला साबित हो सकता है।