-
सुधीर शर्मा ने एसपी संजीव गांधी पर किया मानहानि का पलटवार
- दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कोर्ट में लगाया मानहानि का आरोप
- हाईकोर्ट की कार्यवाही के वीडियो वायरल करने का मामला बना केंद्र
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में टकराव जारी है! अब धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने एसपी शिमला संजीव गांधी के खिलाफ धर्मशाला न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। यह कार्रवाई एक पुराने मामले की प्रतिक्रिया के रूप में सामने आई है, जिसमें स्वयं एसपी संजीव गांधी ने 21 मई 2025 को हाईकोर्ट की कार्यवाही का एक कथित वीडियो क्लिप वायरल किए जाने को लेकर सुधीर शर्मा पर मानहानि का मुकदमा किया था।
इस प्रकार अब मामला द्विपक्षीय कानूनी संघर्ष का रूप ले चुका है। पहले एसपी गांधी ने अदालत में दावा किया कि विधायक सुधीर शर्मा ने जानबूझकर न्यायालय की कार्यवाही से संबंधित एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा। इसके जवाब में अब विधायक शर्मा ने एसपी के आरोपों को झूठा, दुर्भावनापूर्ण और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला बताया है।
राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम की गूंज तेज हो गई है, क्योंकि एक तरफ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और दूसरी ओर एक प्रभावशाली विधायक आमने-सामने आ गए हैं। अब दोनों पक्षों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है और मामला न्यायिक जांच के अधीन चला गया है।
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला सिर्फ मानहानि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे जुड़े न्यायिक अधिकार, निजता, और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे मुद्दों पर भी बहस हो सकती है। अदालत में अगली सुनवाई की तारीख का इंतज़ार किया जा रहा है।



