Follow Us:

शिमला के होटल में चल रही थी जन्मदिन पार्टी, तभी भाई ने भाई का गला रेत डाला , जानें वजह

. शिमला के होटल में एक युवक की निर्मम हत्या
. आरोपी चचेरा भाई फरार, पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया
. फॉरेंसिक टीम मौके पर, जांच प्रगति पर

पराक्रम चंद, शिमला


राजधानी शिमला के ढली क्षेत्र में स्थित होटल ग्रैंड मैजेस्टिक में शुक्रवार सुबह एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला एफआईआर संख्या 81/25, धारा 103 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज कर लिया है। हत्या का आरोप मृतक के ही चचेरे भाई अर्जुन शर्मा पर है, जो वारदात के बाद से फरार है।

मामले की पुष्टि होटल रिसेप्शनिस्ट मनीष ठाकुर के बयान से हुई है, जिसमें बताया गया कि 11 जून 2025 को दो युवक, आकाश शर्मा (निवासी सेक्टर-26, चंडीगढ़) और अर्जुन शर्मा (निवासी सेक्टर-10, पंचकूला) होटल में ठहरे थे। 13 जून की सुबह, होटल को एक अनजान नंबर से कॉल आई जिसमें बताया गया कि अर्जुन ने खुद अपने परिवार को फोन कर आकाश की हत्या की बात कबूल की है।

रिसेप्शनिस्ट ने मास्टर चाबी से कमरा खोला तो देखा कि आकाश का चेहरा खून से सना था और वह बिस्तर पर निर्जीव पड़ा था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। ढली थाना पुलिस की टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक होटल में जन्मदिन मनाने आए थे। किसी बात पर विवाद बढ़ने पर अर्जुन ने पहले आकाश का गला रेत दिया और फिर बीयर की बोतल से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। होटल परिसर और उसके बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हुआ है और राज्य की सीमाओं को सील कर दिया गया है।

मामले की जांच प्रगति पर है और पुलिस ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होगा। शिमला जैसे शांत शहर में इस निर्मम हत्या की घटना ने सभी को चौंका दिया है।