Follow Us:

हिमाचल की वित्तीय स्थिति पर CPIM नेता राकेश सिंघा ने जताई चिंता

  • हिमाचल में किसानों की जमीनों से बेदखली दुर्भाग्यपूर्ण – राकेश सिंघा

  • केंद्र सरकार से हिमाचल को वित्तीय सहायता देने की मांग


Himachal Financial Crisis : हिमाचल प्रदेश में बिगड़ती वित्तीय स्थिति को लेकर CPIM के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

शनिवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में CPIM की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राकेश सिंघा ने कहा कि केंद्र सरकार से हिमाचल को अपेक्षित वित्तीय मदद नहीं मिल रही, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल निर्माण के समय ही यह स्पष्ट हो गया था कि केंद्र सरकार की मदद के बिना प्रदेश का विकास संभव नहीं है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में केंद्र हिमाचल की अनदेखी कर रहा है।

किसानों की जमीन से बेदखली पर रोष



राकेश सिंघा ने प्रदेश में किसानों की बेदखली को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुरानी पुश्तैनी जमीनों पर बसे किसानों को बेदखल किया जा रहा है, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि अकेले सिरमौर जिले में 17 किसानों को उनके घरों से बेदखल कर तालाबंदी कर दी गई है, जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार, उनके कब्जे वैध माने गए हैं।

उन्होंने सरकार से इस मामले पर पुनर्विचार करने और किसानों को न्याय देने की मांग की।