-
केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला ने योग दिवस की तैयारियां शुरू कीं
-
विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न स्कूलों में योग अभ्यास करवाया गया
-
कपालभाति से लेकर ध्यान तक, पूरे प्रोटोकॉल का अभ्यास
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का श्रीगणेश हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला ने कर दिया है। विश्वविद्यालय के योग अध्ययन केंद्र के विद्यार्थी इन दिनों विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों को योग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। यह प्रशिक्षण कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल के मार्गदर्शन और योग विभाग के निदेशक डॉ. सुनील कुमार की देखरेख में चल रहा है।
योग अध्ययन केंद्र के विद्यार्थियों द्वारा योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास करवाया जा रहा है, जिसमें खड़े, बैठकर और लेटकर किए जाने वाले आसनों, कमर, गर्दन और कंधों के व्यायाम, तथा प्राणायामों को सम्मिलित किया गया है। कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और ध्यान जैसे अभ्यास विशेष रूप से बच्चों को सिखाए जा रहे हैं ताकि उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ किया जा सके।
डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि इस बार योग दिवस पर क्रियात्मक योग के साथ संपूर्ण प्रोटोकॉल को आत्मसात कराने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यार्थी स्वयं प्रशिक्षक की भूमिका निभा रहे हैं, जिससे उनके ज्ञान और योग कौशल में वृद्धि हो रही है।
प्रो. सत प्रकाश बंसल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “योग केवल शरीर की क्रिया नहीं, बल्कि मानसिक एकाग्रता और जीवनशैली का हिस्सा है।” उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि शिक्षण संस्थानों में योग की नियमित उपस्थिति बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ जीवन में संतुलन लाने में मददगार होगी।



