Follow Us:

देहरा कैंपस में औषधीय पौधों से सजेगा हिमालयन पार्क

➤ देहरा कैंपस में औषधीय पौधों से सजा हिमालयन पार्क बनाया जाएगा
➤ ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम भी कैंपस की नई सौगात होंगे
➤ दिसंबर तक निर्माण पूर्ण कर, जनवरी 2026 से कक्षाएं शुरू होंगी

शिवांशु शुक्‍ला,धर्मशाला


हिमाचल प्रदेश में स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUHP) का देहरा कैंपस अब केवल एक शिक्षण केंद्र नहीं बल्कि एक प्राकृतिक और शैक्षणिक पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित हो रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी है कि इस कैंपस में एक हिमालयन पार्क बनाया जाएगा, जहां औषधीय पौधों की विभिन्न प्रजातियां लगाई जाएंगी। इस पार्क में न केवल विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा, बल्कि यह पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।

कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल के अनुसार, देहरा कैंपस में विज्ञान संकाय की आवश्यकताओं के अनुसार बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। इसमें एक आधुनिक ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम भी शामिल हैं, जो छात्रों को सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के लिए श्रेष्ठ सुविधा देंगे।

निर्माण कार्य को अंजाम देने वाली एजेंसी ने अक्टूबर 2025 तक कार्य पूरा करने का दावा किया है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने उसे दिसंबर तक की समय सीमा दी है ताकि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से सुनिश्चित की जा सकें। इसके बाद, जनवरी 2026 से देहरा कैंपस में विधिवत कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।

यह कैंपस न केवल उच्च शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि हिमाचल की स्थानीय जैवविविधता और पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान का भी संगम होगा। इससे छात्रों को स्थानीय संसाधनों से जुड़े अनुसंधान और नवाचार के अवसर मिलेंगे।