➤ दलाई लामा को इंटरनेशनल पीस प्राइज के लिए चुना गया
➤ जैन आचार्य डॉ. लोकेश मुनि और मलाला यूसुफजई भी चयनित
➤ अहिंसा और वैश्विक शांति के प्रति आजीवन समर्पण पर सम्मान
इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ जूरिस्ट्स ने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शांति पुरस्कार के लिए तीन विश्वस्तरीय हस्तियों का चयन किया है, जिनमें तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु 14वें दलाई लामा तेंजिन ग्यात्सो का नाम भी शामिल है। यह जानकारी तिब्बत डॉट नेट वेबसाइट पर साझा की गई।
इस सूची में जैन आचार्य डॉ. लोकेश मुनि और नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई का नाम भी शामिल है। काउंसिल के अनुसार, दलाई लामा को अहिंसा, वैश्विक शांति और सार्वभौमिक करुणा के प्रति आजीवन समर्पण के लिए सम्मानित किया जा रहा है।
यह घोषणा अंतरराष्ट्रीय परमाणु निरस्त्रीकरण और शांतिपूर्ण विश्व के लिए मार्च के आयोजन से पहले की गई।
दलाई लामा को अब तक कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें 1989 का नोबेल शांति पुरस्कार, 2006 का अमेरिकी कांग्रेसनल गोल्ड मेडल, 2012 का टेम्पलटन पुरस्कार, रेमन मैग्सेसे पुरस्कार और 2025 का गोल्ड मर्करी पुरस्कार शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें कई मानद डॉक्टरेट उपाधियां और अन्य पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं।



