Follow Us:

टाहलीवाल में अग्निशमन चौकी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन, फायर सब स्टेशन में स्तरोन्नत करने की घोषणा

Haroli Development Projects: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने टाहलीवाल में 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चार मंजिला अग्निशमन चौकी का उद्घाटन किया और इसे फायर सब स्टेशन के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसकी अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।

यह अग्निशमन चौकी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिसमें तीन फायर वाहनों की पार्किंग, ड्यूटी रूम, वर्कशॉप, कंट्रोल रूम, स्टाफ के लिए डाइनिंग हॉल, बैरक और कार्यालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि टाहलीवाल में जल्द ही पुलिस थाना भवन का निर्माण किया जाएगा और इसके लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की ‘प्रसाद योजना’ के तहत माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 56.26 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। इस राशि का उपयोग धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, प्रदेश सरकार ने माता ज्वाला जी और माता नैना देवी मंदिरों के लिए भी 100-100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।

संपर्क सड़क परियोजना का भूमिपूजन


इसके उपरांत, उपमुख्यमंत्री ने श्री गिड़गिड़ा साहिब में नाबार्ड योजना के तहत 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 4.25 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। यह सड़क श्री गिड़गिड़ा साहिब से श्री टाहली साहिब, मुख्य सड़क, श्री बाबा भर्तृहरि मंदिर और किन्नू मोहल्ला, पंजुआना-बालीवाल मार्ग को जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने बताया कि बीते दो दिनों में हरोली क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार से करीब सवा सौ करोड़ रुपये की दो बड़ी विकास परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इनमें 75 करोड़ रुपये की बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-2 और 37 करोड़ रुपये की झलेड़ा-घालूवाल फोर-लेन पुल परियोजना शामिल हैं।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विकास कार्यों से जिन्हें परेशानी हो रही है, वे समय रहते डॉक्टरी सलाह ले लें, क्योंकि यह विकास यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।

नगर पंचायत टाहलीवाल को मिलेगी अतिरिक्त धनराशि


उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नगर पंचायत टाहलीवाल के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने विकास कार्यों के लिए धनराशि की मांग की थी, जिसे स्वीकृत कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर और धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।

श्री गिड़गिड़ा साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका


इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने श्री गिड़गिड़ा साहिब गुरुद्वारे में शीश नवाया और हरोली एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।इस दौरान विभिन्न अवसरों पर राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, धर्मचंद चौधरी, अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार, एससी आयोग के सदस्य विजय डोगरा, बाबा संतोष दास बिट्टू, टाहलीवाल नगर पंचायत अध्यक्ष प्रकाश चंद, धर्मपुर की प्रधान सुभद्रा चौधरी, बाथू की प्रधान सुरेखा राणा, हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रधान राकेश कौशल, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, कमांडेंट गृह रक्षक विकास सकलानी, फायर चीफ ऑफिसर शिमला संजीव कुमार और लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हर्ष पुरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।