-शूलिनी मेला में देव नेगी की प्रस्तुति से दर्शक झूम उठे
-बॉलीवुड के हिट गीतों ने सोलन की रात बना दी यादगार
-देवभूमि हिमाचल में मिला उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संग
हिमानी ठाकुर, सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आयोजित राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला 2025 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या उस समय यादगार बन गई जब बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक देव नेगी ने मंच पर अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति दी। शनिवार रात ठोडो मैदान में हजारों दर्शकों की मौजूदगी में उन्होंने अपने मशहूर गीतों जैसे ‘बटरफ्लाई’, ‘स्वीटी तेरा ड्रामा’, ‘हैप्पी बर्थडे’ समेत कई गीतों को प्रस्तुत किया, जिन पर श्रोता झूमते और तालियाँ बजाते नजर आए।
स्थानीय व बाहरी क्षेत्रों से पहुंचे भारी दर्शकों की भीड़ ने देव नेगी के प्रदर्शन का भरपूर आनंद लिया। उनके ऊर्जावान स्टेज परफॉर्मेंस और जिंदादिल अंदाज़ ने माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। संगीत प्रेमियों के लिए यह रात एक ऐसा अनुभव रही जो देर तक याद रहेगा।
कार्यक्रम से पहले ‘समाचार फर्स्ट’ से बात करते हुए देव नेगी ने कहा, “सोलन के शूलिनी मेला में मां शूलिनी के प्रति लोगों की श्रद्धा और उनका उत्साह मुझे बेहद प्रेरित करता है। यहां का माहौल और दर्शकों का प्यार अद्भुत और आत्मीय है।” उन्होंने बताया कि वे उत्तराखंड के द्वाराहाट से ताल्लुक रखते हैं और हिमाचल जैसे दूसरी देवभूमि में आकर उन्हें विशेष अनुभव होता है।

देव नेगी ने अपने संगीत करियर की शुरुआत, मुंबई तक के संघर्षपूर्ण सफर, और अपनी प्रेरणा के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “बचपन से ही मुझे संगीत से प्रेम था। उत्तराखंड के छोटे शहर से मुंबई जैसे महानगर तक पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन लगन और मेहनत के दम पर यह मुमकिन हुआ।”
अपने लोकप्रिय गानों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “स्वीटी तेरा ड्रामा और हैप्पी बर्थडे जैसे गानों को दर्शकों से जो प्यार मिला है, वो मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
देव नेगी, जो न सिर्फ हिंदी बल्कि मराठी, पंजाबी और तेलुगु सिनेमा में भी गा चुके हैं, आज एक बहुमुखी प्रतिभा के धनी गायक माने जाते हैं। वे टीवी सीरियल्स और विज्ञापनों के लिए भी कई हिट थीम सॉन्ग गा चुके हैं। उनकी मधुर आवाज और मंच पर दमदार उपस्थिति ने उन्हें आज संगीत की दुनिया में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।



