➤ धर्मशाला में सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित
➤ पीली धारियों वाले चिन्हित स्थानों पर ही होगी पार्किंग की अनुमति
➤ वन-वे और नई पार्किंग व्यवस्था लागू करने के आदेश जारी
धर्मशाला, 12 सितम्बर। धर्मशाला शहर की लगातार बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी हेमराज बैरवा ने पार्किंग व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। अब शहर के व्यस्त और प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला दण्डाधिकारी ने यह आदेश आईटीएमएस सिस्टम निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीएम धर्मशाला की संयुक्त समिति की अनुशंसाओं के आधार पर जारी किए।
नई व्यवस्था के तहत अब केवल नगर निगम द्वारा चिन्हित पीली धारियों वाले स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अनुमति होगी। शिक्षा बोर्ड से लेकर शहीद स्मारक, खन्ना क्लिनिक से होटल सेंटर प्वाइंट, कचहरी चौक, डिपो बाजार, अंबेडकर चौक, भारत ऑप्टिकल शॉप, आईपीएच कार्यालय से कैंची मोड़, गांधी वाटिका से धर्मशाला बस स्टैंड, कैंट रोड और मांझी पुल तक के कई हिस्सों में पार्किंग के लिए नए जोन चिन्हित किए गए हैं। यहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
इतना ही नहीं, कुछ मार्गों को वन-वे घोषित किया गया है ताकि यातायात का दबाव कम किया जा सके। जिला दण्डाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि एच.पी.पी.डब्ल्यू.डी. दो सप्ताह में वन-वे संकेतक लगाए और नगर निगम धर्मशाला तीन सप्ताह में सभी पीली धारियों का चिन्हांकन पूरा करे। इसके अलावा चार सप्ताह में पार्किंग प्रबंधन की विस्तृत योजना भी तैयार करनी होगी।
पुलिस अधीक्षक धर्मशाला को आदेशों की मासिक अनुपालन रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जिला दण्डाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं और कानून-व्यवस्था ड्यूटी से संबंधित वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं होगी। यह आदेश अगली सूचना तक प्रभावी रहेगा।



