Follow Us:

धर्मशाला में पैराग्लाइडिंग हादसा: गुजरात के पर्यटक की मौत, पायलट घायल

➤ धर्मशाला में पैराग्लाइडिंग के दौरान खाई में गिरने से गुजरात के पर्यटक की मौत
➤ हादसे का वीडियो वायरल, स्थानीय पायलट सूरज गंभीर रूप से घायल
➤ इंद्रूनाग साइट पर उड़ान भरते ही संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा


ParaglidingAccident: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के समीप स्थित प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट इंद्रूनाग में बीते रविवार एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें गुजरात के 25 वर्षीय पर्यटक सतीश भाई की मौत हो गई और स्थानीय पायलट सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। अब इस हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आ गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उड़ान भरने के तुरंत बाद पैराग्लाइडर का संतुलन बिगड़ जाता है और दोनों गहरी खाई में गिर जाते हैं।

मृतक की पहचान सतीश भाई पुत्र राजेश भाई, निवासी रोहित बास्स गिरमाथा अहमदाबाद, गुजरात के रूप में हुई है। पायलट सूरज पुत्र संसार चंद, निवासी टऊ धर्मशाला गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज धर्मशाला के अस्पताल में चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं, और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पर्यटक को खाई से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पायलट को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

इस हादसे ने इंद्रूनाग पैराग्लाइडिंग साइट की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के वायरल वीडियो ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उड़ान से पहले पर्याप्त सुरक्षा जांच और मौसम की स्थिति का आकलन नहीं किया गया। स्थानीय प्रशासन की ओर से इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

पर्यटन विभाग और प्रशासन से फिर मांग उठी है कि पर्यटक गतिविधियों में सख्त मानक लागू किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। यह घटना न केवल एक जान जाने का कारण बनी बल्कि हिमाचल की पैराग्लाइडिंग छवि को भी झटका दे गई है।