Follow Us:

देहरा-ज्वालामुखी जलशक्ति भर्तियों पर धवाला का बड़ा आरोप


➤ इंटरव्यू में नियमों की अनदेखी और परिवारवाद के प्रमाण
➤ मुख्यमंत्री पत्नी के क्षेत्र में घोटाले की बू और RTI का खुलासा

बृजेश्‍वर साकी, देहरा


देहरा और ज्वालामुखी मंडलों में जलशक्ति विभाग की मल्टी टास्क वर्कर भर्तियों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश धवाला ने इन भर्तियों में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और सत्ता संरक्षण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। धवाला ने साफ कहा है कि योग्यता की बजाय सिफारिश और राजनीतिक प्रभाव को प्राथमिकता दी गई, जिससे हजारों योग्य युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर मज़ाक हुआ है।

धवाला ने विशेष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र, जो कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर का निर्वाचन क्षेत्र है, वहाँ चयन प्रक्रिया पूरी तरह पक्षपातपूर्ण रही। उनका दावा है कि ज्वालामुखी में भी यह खेल एक स्थानीय नेता के इशारे पर खेला गया, जिससे मेरिट को जानबूझकर रौंदा गया।

सबसे चौंकाने वाला आरोप इंटरव्यू मार्क्स को लेकर है। धवाला के अनुसार कई प्रतिभाशाली युवाओं को जानबूझकर 0.1 और 0.2 जैसे अंक दिए गए, जबकि नियमों के अनुसार 0.66 से कम अंक देना मान्य नहीं है। इससे यह स्पष्ट होता है कि चयन समिति ने नियमों की धज्जियाँ उड़ाई और पूरा रिजल्ट मनमर्जी से तैयार किया गया।

एक और गंभीर आरोप यह है कि एक ही परिवार के दो से तीन सदस्यों की नियुक्ति की गई, जिससे यह स्पष्ट हो जाता है कि यह चयन नहीं बल्कि राजनीतिक संरक्षण में की गई नियुक्ति प्रक्रिया थी। धवाला ने रिजल्ट में श्रेणियों के उल्लेख के न होने पर भी सवाल खड़े किए, जिससे पारदर्शिता की पूरी तरह से अनदेखी की गई।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार जिस तरह से बार-बार एक ही एक्सईएन को देहरा और ज्वालामुखी का चार्ज देती है, उससे यह संदेह पैदा होता है कि कहीं पूरा खेल योजनाबद्ध तो नहीं था। धवाला ने इस मामले की जानकारी RTI के माध्यम से मांगी है और दावा किया है कि बहुत जल्द सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी।

धवाला ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की, तो वे विधानसभा से लेकर सड़क तक आंदोलन करेंगे। देहरा और ज्वालामुखी में यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन चुका है और जनता भी अब जवाब और पारदर्शिता की मांग करने लगी है।