-
पुलिस ने भराड़ी थाना क्षेत्र के कोट गांव में मारा छापा
-
आरोपी ने पुलिस को देखते ही चिट्टा निगल लिया, मेडिकल जांच जारी
-
घर की तलाशी में ‘मेड इन यूएसए’ लिखी पिस्टल बरामद, लाइसेंस नहीं मिला
Bharari Drug Raid: भराड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के कोट गांव में नशे के अवैध कारोबार की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी अशोक कुमार ने पुलिस को देखते ही चिट्टा निगल लिया, जिससे पुलिस ने तुरंत उसका मेडिकल टेस्ट करवाया। इसी दौरान पुलिस ने जब उसके घर की तलाशी ली, तो बेड की दराज से एक विदेशी अमेरिकन पिस्टल बरामद हुई, जिस पर ‘मेड इन यूएसए’ लिखा हुआ था।
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि कोट गांव का निवासी अशोक कुमार नशे के व्यापार में लिप्त है। इसके बाद भराड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने डीएसपी घुमारवीं से अनुमति लेकर 10 सदस्यीय टीम के साथ आरोपी के घर पर छापा मारा। जब पुलिस ने घर में प्रवेश करने का प्रयास किया, तो आरोपी के पिता ने पुलिस से बहस की और तलाशी लेने से रोकने की कोशिश की। हालांकि, मशक्कत के बाद पुलिस टीम घर में दाखिल हुई और तलाशी के दौरान अशोक के कमरे से पिस्टल बरामद कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस पिस्टल में करीब 9 गोलियां एक साथ भरी जा सकती हैं। जब पुलिस ने आरोपी से हथियार का लाइसेंस मांगा, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हथियार किस स्रोत से लाया गया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पिस्टल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।



