➤ भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की दोहरी पहचान का खुलासा
➤ एक ही व्यक्ति के पास दो नामों से सरकारी दस्तावेज पाए गए
➤ धर्मपुर थाने में फर्जीवाड़े और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
हिमानी ठाकुर, सोलन
Indian army dual identity: भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल रैंक के एक अधिकारी की पहचान को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को सतर्क कर दिया है। आरोप है कि अधिकारी के पास दो अलग-अलग नामों – अभय पिसल और ताहिर मुस्तफा – से जुड़े पहचान दस्तावेज हैं, जबकि इन सभी दस्तावेजों पर एक ही तस्वीर मौजूद है।
यह गंभीर खुलासा डगशाई (जिला सोलन) में कार्यरत जेसीओ जाधव एनएस की ओर से दर्ज करवाई गई शिकायत में हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल के पास ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और सशस्त्र बल पहचान पत्र – सभी में कहीं पर नाम अभय पिसल और कहीं ताहिर मुस्तफा लिखा है, लेकिन तस्वीर एक जैसी है। यह सबूत उन्होंने पुलिस को सौंपे हैं।
शिकायत में यह भी बताया गया कि 23 अगस्त 2023 को की गई एक कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 12 बोर की बंदूक और अन्य संवेदनशील दस्तावेज बरामद हुए, जिनमें अभय पिसल की तस्वीर वाले ताहिर मुस्तफा के नाम के दस्तावेज शामिल थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल धारा 420, 465, 468 आईपीसी और 25 आर्म्स एक्ट के तहत धर्मपुर थाने में एफआईआर दर्ज की है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील और गंभीर है। जांच को हर एंगल से अंजाम दिया जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी और इस फर्जीवाड़े के प्रत्येक पहलू की गहनता से पड़ताल की जाएगी। फिलहाल, इस प्रकरण ने भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों को चिंतित कर दिया है।



