Follow Us:

इस दिन से 48 घंटे बैंक रहेंगे बंद, निपटा लें जरूरी काम

|

  • 23 मार्च से 48 घंटे की बैंक हड़ताल, सरकारी, निजी और विदेशी बैंक रहेंगे बंद

  • यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की 9 यूनियनें हड़ताल में शामिल

  • भर्ती, कर्मचारियों की सुरक्षा, 5-दिवसीय कार्य सप्ताह जैसी मांगें प्रमुख


Bank strike 2024:  देशभर के सभी सरकारी, निजी और विदेशी बैंक 23 मार्च की मध्यरात्रि से 48 घंटे की हड़ताल पर रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के नेतृत्व में नौ प्रमुख बैंक यूनियनें इस हड़ताल में शामिल होंगी। बैंक कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। सोमवार को शिमला में आयोजित प्रेसवार्ता में यूनियन के पदाधिकारियों ने इस हड़ताल की आधिकारिक घोषणा की।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में बैंकों में पर्याप्त भर्तियां करना, अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करना और बैंकों में भी 5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है। उन्होंने बताया कि आरबीआई और बीमा कंपनियों की तरह सार्वजनिक बैंकों में भी यह सुविधा दी जानी चाहिए।

यूनियन ने यह भी बताया कि बैंकों में कर्मचारियों की संख्या लगातार घट रही है। 2013 में कुल कर्मचारियों की संख्या 8.86 लाख थी, जो 2024 में घटकर 7.46 लाख रह गई है। इसी तरह, क्लर्कों की संख्या 3.98 लाख से घटकर 2.46 लाख और सब-स्टाफ की संख्या 1.53 लाख से घटकर 94 हजार रह गई है।

बैंक यूनियन ने हड़ताल की अन्य प्रमुख मांगों को भी सामने रखा। इनमें कर्मचारियों की सुरक्षा, श्रमिक निदेशक पदों पर नियुक्ति, ग्रेच्युटी की सीमा बढ़ाकर 25 लाख रुपये करना, और कल्याणकारी लाभों पर आयकर वसूली को रोकना शामिल हैं। यूनियनों ने आईडीबीआई बैंक में सरकार की 51% हिस्सेदारी बनाए रखने की भी मांग की है।

इसके अलावा, बैंक यूनियनों ने बैंकों में स्थायी नौकरियों की आउटसोर्सिंग रोकने और सरकारी हस्तक्षेप को कम करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।