➤कर्मचारी महासंघ ने मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट
➤भत्तों, पदोन्नतियों और जेसीसी बैठक की मांग उठाई गई
➤ शिक्षा मंत्री को शिक्षा में ऐतिहासिक उपलब्धि पर दी बधाई
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी सेवाएं महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कर्मचारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष जेसीसी (संयुक्त सलाहकार समिति) की बैठक को जल्द आयोजित करने, कर्मचारियों के लंबित भत्तों की अदायगी, पदोन्नति प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा अन्य मुद्दों से संबंधित मांगों को प्रमुखता से रखा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और इनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा कर्मचारियों के हितों को सुरक्षित रखना और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है।
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से भी मुलाकात की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय सर्वेक्षण में स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचाने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर मंत्री को बधाई दी। साथ ही अधीक्षक से ग्रेड-2 में पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने की मांग भी रखी।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि अधीक्षक से ग्रेड-2 पदोन्नति की सूची शीघ्र जारी की जाएगी ताकि कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके।
इस प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के महासचिव राजीव चौहान, जिला शिमला अध्यक्ष निपी ठाकुर, सलाहकार मनोज शर्मा, मुख्यालय सचिव रविंद्र सिंह मेहता, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश कुमार, अश्विनी चौहान, कुमार गौरव, जगमोहन कंवर और राजकुमार चौधरी शामिल रहे।
महासंघ ने सरकार की सकारात्मक सोच और कर्मचारी वर्ग के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण पर भरोसा जताते हुए कहा कि आने वाले समय में सभी लंबित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा। महासंघ ने यह भी स्पष्ट किया कि जल्द ही जेसीसी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कर्मचारियों के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए जाएंगे।



