➤ एवरेस्टर अमित नेगी ने एक ही दिन में तीन चोटियों पर चढ़ाई की सफलता
➤ 6000 मीटर से ऊंची तीन पर्वत चोटियां फतह कर रचा इतिहास
➤ मिशन इंडियन हिमालय एक्सपीडिशन-2025 में अद्भुत कीर्तिमान
पराक्रम चंद, शिमला
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के बटसेरी गांव निवासी एवरेस्टर अमित नेगी ने पर्वतारोहण में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। मिशन इंडियन हिमालय एक्सपीडिशन-2025 के तहत उन्होंने एक ही दिन में तीन पर्वत चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। ये तीनों पर्वत 6000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित हैं और उनके लिए यह चढ़ाई एक असाधारण साहसिक अभियान था।
अमित नेगी ने बताया कि उन्होंने माऊंट थुग्जे (6180 मीटर), थुग्जे ईस्ट (6045 मीटर) और पी.टी. शिखर (6100 मीटर) पर एक ही दिन में फतह हासिल की। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे चुनौतीपूर्ण पर्वतारोहण बताया। इस अद्भुत कारनामे में उन्हें जबरदस्त शारीरिक फिटनेस और मानसिक दृढ़ता की परीक्षा देनी पड़ी।
शोशाला पीक एडवेंचर टीम ने इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि अमित नेगी की यह उपलब्धि हिमालयन पर्वतारोहण में एक मिसाल बनेगी और युवाओं को न केवल साहस बल्कि अनुशासन की प्रेरणा भी देगी।
अमित नेगी इससे पहले माउंट एवरेस्ट पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुके हैं। अब वह अपनी अगली माउंटेनिंग चुनौतियों के लिए भी तत्पर हैं। उनका कहना है कि वह यहीं रुकने वाले नहीं हैं और भविष्य में भी कई उच्च चोटियों को फतह करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ते रहेंगे।
उनकी यह उपलब्धि हिमाचल ही नहीं, पूरे भारत के पर्वतारोहण इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है।



