-
शव 18 मार्च को गोविंद सागर झील में मिला, 10 मार्च से थे लापता
-
परिवार ने प्रशासन पर मानसिक रूप से परेशान करने के लगाए आरोप
Vimal Negi Death Mystery: हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें उनकी मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि उनके शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, उनकी मृत्यु को लेकर अब भी कई सवाल बने हुए हैं।
नेगी 10 मार्च से लापता थे, और उनका शव 18 मार्च को गोविंद सागर झील में मिला। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि उनकी मौत डेड बॉडी मिलने से लगभग 5 दिन पहले हो चुकी थी। लेकिन इस दौरान वे कहां थे और किन परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हुई, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है।
परिजनों के अनुसार, विमल नेगी 10 मार्च को रोजमर्रा की तरह घर से ऑफिस के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। सीसीटीवी फुटेज में वे आखिरी बार बिलासपुर में देखे गए थे, जहां वे एक टैक्सी से पहुंचे थे। इस घटना को लेकर उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और पुलिस प्रशासन से कई बार अपील की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें जल्द खोजने का आश्वासन दिया था।
परिवार ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को शिकायत भी दी है, जिसमें प्रशासन पर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों ने राजस्व मंत्री जगत नेगी से भी मुलाकात कर आशंका जताई थी कि विमल नेगी पर कार्यस्थल का अत्यधिक दबाव था, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान थे। फिलहाल, फाइनल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।



