Follow Us:

फतेहपुर में 20 करोड़ की दो शिक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास

➤ फतेहपुर में 20 करोड़ की शैक्षणिक परियोजनाओं का शिलान्यास
➤ राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल और पब्लिक लाइब्रेरी बनेगी
➤ विधायक पठानिया बोले- क्षेत्र में शिक्षा का आदर्श मॉडल बनेगा



जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने यहां लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण शैक्षणिक परियोजनाओं का भूमि पूजन कर विधिवत शिलान्यास किया।

इनमें मंझार में पहले चरण में 14 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल शामिल है, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसके अलावा रैहन में 5.65 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सार्वजनिक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों और आम नागरिकों दोनों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।

इस अवसर पर फतेहपुर के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि यह परियोजनाएं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हैं। उन्होंने बताया कि इन संस्थानों के बनने से न केवल स्थानीय छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिलेगी, बल्कि यह संस्थान भविष्य में शिक्षा के एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होंगे।

भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि वे रैहन को विधानसभा क्षेत्र का शिक्षा हब बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से फतेहपुर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से हजारों छात्रों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में नई क्रांति आएगी।