Follow Us:

इंतजार खत्म! विधायक के प्रयास से पूरा हुआ वर्षों पुराना सपना, लूना- बडोह सड़क निर्माण का रास्‍ता साफ

➤ लूना बडोह  रोड के 8 करनाल भूमि का फाइनल इंतकाल PWD के नाम दर्ज
➤ 35 साल से अधूरी सड़क अब बनेगी, बुजुर्गों व मरीजों को बड़ी राहत
➤ दस पंचायतों की 20 हजार आबादी को मिलेगा सीधा लाभ



LunaBarohRoad: नगरोटा बड़ोह में सड़क निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है।  तहसीलदार डॉ. अशोक पठानिया की अध्यक्षता में लूना बरोह रोड के लिए दान की गई भूमि का आज फाइनल इंतकाल सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के नाम दर्ज किया गया। यह भूमि कुल 8 करनाल की है, जिसका इंतकाल प्रक्रिया पूरी कर आज संबंधित पटवारी और PWD के सभी अधिकारियों की मौजूदगी में रिकॉर्ड में चढ़ाया गया।

यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सिंह ने इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने और समूचे गांव की वर्षों पुरानी मांग को साकार करने में योगदान देने के लिए पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रैंक कैबिनेट और नगरोटा बगवां विधायक आरएस बाली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सपना जानू भाई के अथक प्रयासों से ही संभव हो पाया है। पूरे गांववासियों ने एक स्वर में उनके प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

यह सड़क लगभग तीन किलोमीटर लंबी होगी, जो दस पंचायतों की 20 हजार की आबादी के लिए जीवन रेखा बनेगी। वर्तमान में सड़क न होने से लोगों को खासकर बुजुर्गों और बीमार लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। गांववासियों ने बताया कि 35 साल से यह सड़क अधर में लटकी हुई थी, जिससे स्कूली बच्चों को आवाजाही और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

अजय सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण से अब यह सभी समस्याएं खत्म होंगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने आग्रह किया कि अब निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए ताकि जनता को इसका लाभ जल्द मिल सके।

तहसीलदार डॉ. अशोक पठानिया ने भी इस कार्य में प्रशासनिक स्तर पर तेजी लाने के लिए टीम का आभार जताया। गांववासियों में इस ऐतिहासिक फैसले से खुशी की लहर दौड़ गई है।