Follow Us:

पहली बार पैरामोटरिंग लाइसेंस जारी, राहुल घरवाल बने प्रदेश के पहले लाइसेंसधारी

  • हमीरपुर पर्यटन विभाग ने सुजानपुर चौगान में पैरामोटरिंग लाइसेंस ट्रायल आयोजित किया

  • नादौन के राहुल घरवाल प्रदेश में पैरामोटरिंग लाइसेंस पाने वाले पहले व्यक्ति बने

  • 20 मिनट की सफल उड़ान के बाद निरीक्षण टीम ने राहुल को लाइसेंस प्रदान किया


Hamirpur Tourism: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक सुजानपुर चौगान में सोमवार को एक ऐतिहासिक पहल की गई। पर्यटन विभाग हमीरपुर की ओर से पहली बार पैरामोटरिंग लाइसेंस ट्रायल आयोजित किया गया, जिसमें नादौन के राहुल घरवाल ने भाग लिया और सफलतापूर्वक ट्रायल पास कर राज्य में इस लाइसेंस को पाने वाले पहले व्यक्ति बन गए।

राहुल घरवाल ने 10 सदस्यीय निरीक्षण टीम की उपस्थिति में 20 मिनट की उड़ान भरी और सफलतापूर्वक चौगान मैदान में लैंडिंग की। इस प्रदर्शन के बाद टीम ने उन्हें लाइसेंस प्रदान किया। इस टीम में कार्यकारी एसडीएम संजीत ठाकुर, जिला पर्यटन अधिकारी रवि धीमान, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल थे।

राहुल ने बताया कि उन्होंने काफी पहले हमीरपुर पर्यटन विभाग के पास पैरामोटरिंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। हालांकि, विभाग ने ट्रायल की शर्त यह रखी थी कि आवेदक को पहले 300 सफल पैराग्लाइडिंग उड़ानें पूरी करनी होंगी। राहुल ने यह शर्त पूरी की और अब उन्हें लाइसेंस प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि से न केवल हमीरपुर जिला पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, बल्कि प्रदेश में एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में भी संभावनाओं के नए द्वार खुलेंगे।